एसआईआर की तैयारियां तेज, बीएलओ व सुपरवाइजरों को दिया प्रशिक्षण
हरिद्वार, 01 जून (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत 25-हरिद्वार और 26-रानीपुर विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथ लेवल ऑफिसर, बूथ लेवल सुपरवाइजर और विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट का प्रशिक्षण कार्यक्रम बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ईआरओ एवं उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में शत-प्रतिशत शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
इस दौरान प्रतिभागियों को मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा त्रुटि सुधार की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रपत्रों, समयबद्ध कार्रवाई और समन्वय के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य संदर्भदाता डॉ. संतोष कुमार चमोला ने निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यों को निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संपादित करना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक नोडल अधिकारी (मीडिया) गोविन्द कुर्ल, संतोष रावत एवं प्रकाश चंद देवराणी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

