home page

चमोली में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियां शुरू

 | 
चमोली में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियां शुरू


चमोली, 16 मई (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संचालन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित तैयारियों व व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई ।

जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 29 मई से 7 जून तक गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, कर्मचारियों के प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक कार्य संपादित किए जाएंगे। इसके उपरांत 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन करेंगे। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। साथ ही 10 जुलाई से 11 सितंबर तक नोटिस जारी करने एवं दावे-आपत्तियों के निस्तारण की कार्रवाई संपादित की जाएगी। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारियों को जिला निर्वाचन कार्यालय से समन्वय बनाकर सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी को प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए ।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश ने बताया कि विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। बीएलओ ऐप एवं ईसीआई नेट से संबंधित समस्याओं के समाधान, गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, बीएलए-2 की नियुक्ति, फेक न्यूज के खंडन तथा बीएलओ को सहायता उपलब्ध कराने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा चुके हैं।

बैठक में पीडी आनंद सिंह, एसडीएम आरके पाण्डेय, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी सती, डीओपीआरडी डीएन द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल