रोडी बेलवाला मैदान में चला स्वच्छता अभियान
हरिद्वार, 25 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत शुक्रवार को रोडी बेलवाला स्थित रावण मैदान में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की ओर से नगर निगम हरिद्वार के सहयोग से आयोजित अभियान में मैदान और आसपास के क्षेत्र में व्यापक सफाई की गई।
अभियान के दौरान प्लास्टिक, कपड़े और अन्य प्रकार का कचरा एकत्र किया गया। सफाई अभियान में कुल 45 बैग कचरा एकत्र हुआ, जिसे उचित निस्तारण के लिए नगर निगम हरिद्वार को सौंप दिया गया। इस दौरान अभियान में शामिल सदस्यों और स्थानीय लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व की जानकारी दी गई। लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने, निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा डालने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की गई। लोगों को संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी एक संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी के माध्यम से ही सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विभिन्न सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर लगातार सफाई और जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

