home page

सपा सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी : सिद्दीकी

 | 
सपा सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी : सिद्दीकी


हरिद्वार, 11 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दीकी का शनिवार को ललतारौ पुल स्थित जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

पत्रकारों से वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने जो दायित्व सौंपा है, उसका निष्ठा से पालन करते हुए प्रदेश में संगठन को मजबूत किया जाएगा और जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी का गठन कर बूथ स्तर तक संगठन खड़ा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार से जनता निराश है और बदलाव चाहती है। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में सपा सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। कांग्रेस से गठबंधन और सीट बंटवारे पर फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उन्हें बचाने के लिए जोर लगा रही है और दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है, लेकिन विपक्ष पीछे हटने वाला नहीं है।

स्वागत करने वालों में प्रदेश सहप्रभारी महंत शुभम गिरी, डॉ. राजेंद्र पाराशर, मशकूर कुरैशी, जिलाध्यक्ष साजिद अंसारी, आशीष यादव, लव कुमार दत्ता, नसीर अहमद, नरेंद्र गुर्जर, नईम अब्बासी, अभिषेक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला