home page

एनएसएस शिविर का समापन,‘शुभ नवरात्रि’ थीम पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित

 | 
एनएसएस शिविर का समापन,‘शुभ नवरात्रि’ थीम पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित


हरिद्वार, 19 मार्च (हि.स.)। एस.एम.जे.एन. पी.जी.कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का गुरुवार को समारोहपूर्वक समापन हो गया।शिविर के अंतिम दिन ‘शुभ नवरात्रि’विषय पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें स्वयंसेवकों ने आकर्षक और पारंपरिक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज ने प्रतिभागियों एवं शिक्षिकाओं को मां मनसा देवी की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में छात्राओं से झांसी की रानी लक्ष्मीबाई एवं कल्पना चावला जैसी महान विभूतियों से प्रेरणा लेकर जीवन में साहस और आत्मविश्वास विकसित करने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.सुनील कुमार बत्रा ने विजेता छात्राओं को मेडल पहनाकर पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः योगाभ्यास एवं मां गंगा की आरती के साथ हुआ। समापन दिवस पर “शुभ नवरात्रि” विषय पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया,जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर का आरंभ प्रतिदिन की तरह योगाभ्यास एवं मां गंगा की आरती के साथ हुआ। अंतिम दिन छात्राओं ने हिंदू नववर्ष के स्वागत में आकर्षक रंगोलियां बनाई। प्रतियोगिता का मुख्य विषय “शुभ नवरात्रि” रहा, जिसके अंतर्गत प्रतिभागियों ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को सृजनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में प्रिया रघुवंशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान सोनाली, वंशिका एवं नेहा को संयुक्त रूप से मिला,जबकि खुशी ठाकुर,इशिका एवं वैभवी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इस अवसर पर एनएसएस जिला समन्वयक एस.पी.सिंह,कार्यक्रम अधिकारी डॉ.पदमावती तनेजा,डॉ.पुनीता शर्मा,रचना गोस्वामी एवं विनीत कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सात दिवसीय शिविर के अपने अनुभव भी साझा किए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला