एसएमजेएन कॉलेज में तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम संपन्न
हरिद्वार, 15 जुलाई (हि.स.)। एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज, हरिद्वार में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम मंगलवार को संपन्न हो गया। 13 से 15 जुलाई तक आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की छात्र अभिप्रेरण योजना के अनुरूप आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के वातावरण से परिचित कराना तथा उनमें अनुशासन, नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम भी है।
उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों से कहा कि महाविद्यालय जीवन को केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित न रखें, बल्कि ज्ञान अर्जन, चरित्र निर्माण और जिम्मेदार नागरिक बनने का अवसर समझें।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, आईसीटी सुविधाओं, खेलकूद, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), रेड क्रॉस, पर्यावरण प्रकोष्ठ तथा छात्र सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने एंटी-रैगिंग नियमों, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य और मानसिक कल्याण के प्रति भी जागरूक किया।
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. विनय थपलियाल ने जीवन कौशल, समय प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संवाद,करियर नियोजन, उद्यमिता,नवाचार और डिजिटल शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में डॉ.पूर्णिमा सुन्दरियाल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

