home page

सक्षम ने जागरूकता रैली और गंगा आरती के साथ मनाया स्थापना दिवस

 | 
सक्षम ने जागरूकता रैली और गंगा आरती के साथ मनाया स्थापना दिवस


हरिद्वार, 25 जून (हि.स.)। समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) ने स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य जागरूकता रैली, गंगा आरती एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना व उनके उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत चंद्राचार्य चौक से गोविंद घाट तक निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। रैली में सक्षम के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, दिव्यांगजनों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के माध्यम से समाज को दिव्यांगजनों के अधिकारों, उनकी क्षमताओं और उन्हें समान अवसर प्रदान करने के प्रति जागरूक किया गया। इसके पश्चात गोविंद घाट पर मां गंगा की विधिवत आरती कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. योगेश योगी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले दिव्यांगजनों और डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र संगठन के सदस्यों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सक्षम संस्था जरूरतमंद और दिव्यांगजनों के हित में लगातार सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने संस्था के जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों से अनेक दिव्यांगजनों को नई दिशा और नया जीवन मिला है। संस्था का प्रत्येक सदस्य सेवा भावना का जीवंत उदाहरण है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सक्षम के जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष सत्यदेव राठी एवं कोषाध्यक्ष सत्यप्रकाश द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अपने संबोधन में संदीप अरोड़ा ने कहा कि संस्था दिव्यांगजनों के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे।

मुख्य वक्ता अनंत प्रकाश मेहरा ने बताया कि सक्षम के केंद्रीय कार्यक्रमों के अंतर्गत 20 जून से उत्तराखंड के सभी जिलों में स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उसी क्रम में हरिद्वार में यह आयोजन 24 जून को संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि सक्षम संगठन दिव्यांगजनों के कल्याण, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

इस अवसर पर मूक-बधिर समुदाय से जुड़े सरदार मोंटू, अभय सिंह, शैलेश मिश्रा, मनोज त्रिपाठी, गिरीश पपने, पीताम्बर दत्त, देव शर्मा सहित डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र संगठन के सदस्य गोपाल सिंह तड़ियाल, जितेंद्र वीर सैनी, प्रदीप चौहान, अजय शर्मा, दिनेश शर्मा, राजकुमार शर्मा, प्रमोद कुशवाहा, रतन सिंह पाल, मनोज कंडवाल, सत्यदेव राठी और सत्यप्रकाश को सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला