home page

कुंभ से पहले बदल रही हरिद्वार की तस्वीर, निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश

 | 
कुंभ से पहले बदल रही हरिद्वार की तस्वीर, निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश


हरिद्वार, 17 अगस्त (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने सोमवार को नगर और आसपास के प्रमुख मार्गों व चौक-चौराहों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति परखते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता बरतने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होगी, इसलिए प्रमुख सड़कों और चौराहों को अतिक्रमणमुक्त रखना आवश्यक है। उन्होंने सड़कों, पुलों के किनारों और डिवाइडरों पर योजनाबद्ध पौधरोपण कर हरित पट्टी विकसित करने के निर्देश दिए। इससे हरिद्वार का सौंदर्य बढ़ेगा और श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिलेगा।

शिवालिक नगर और भगत सिंह चौक के सौंदर्यीकरण पर जोर

मेलाधिकारी ने शिवालिक नगर चौक के सुधार एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार कर जल्द कार्य शुरू करने को कहा। उन्होंने यातायात प्रवाह, पैदल आवागमन और सौंदर्य को ध्यान में रखने के निर्देश दिए। इसके बाद भगत सिंह चौक क्षेत्र में सौंदर्यीकरण एवं फुटपाथ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने चौराहों को सुव्यवस्थित करने और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित सुविधाएं विकसित करने पर बल दिया।

कुंभ के बाद भी मिलेगा लाभ-

मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ के लिए तैयार की जा रही आधारभूत सुविधाओं का लाभ केवल मेला अवधि तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में भी हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों को इसका लाभ मिलेगा। इसलिए सभी परियोजनाएं दूरगामी जरूरतों को ध्यान में रखकर गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ बनाई जाएं। उन्होंने विभागों को निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा और बाधाओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। कहा कि गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है और कुंभ से जुड़े किसी कार्य में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं होगा।

निरीक्षण के दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, लोनिवि के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, एचआरडीए के उद्यान अधिकारी ए.आर. जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला