बीएलओ, सुपरवाइजर और बीएलए को दिया प्रशिक्षण
हरिद्वार, 02 जून (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत 35-हरिद्वार ग्रामीण और 27-ज्वालापुर (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), बूथ लेवल सुपरवाइजर एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट का प्रशिक्षण कार्यक्रम बीएचईएल कन्वेंशन हॉल में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार हल्दियानी ने कहा कि निर्वाचन कार्य लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। अतःभारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों को बिना किसी त्रुटि के संपादित किया जाए।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नामों के विलोपन तथा मतदाता विवरण में त्रुटि सुधार संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं और सावधानियों पर भी प्रकाश डाला।
मुख्य संदर्भदाता डॉ. संतोष कुमार चमोला ने निर्वाचन प्रक्रिया की विभिन्न बारीकियों से प्रतिभागियों को अवगत कराया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। साथ ही निर्धारित प्रपत्रों के सही उपयोग, समयबद्ध कार्रवाई तथा विभिन्न स्तरों पर समन्वय के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल, सहायक नगर आयुक्त नगर निगम हरिद्वार श्याम सुंदर प्रसाद, नायब तहसीलदार हरिद्वार मदन लाल, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, सहायक नोडल अधिकारी मीडिया गोविन्द कुर्ल सहित सभी बूथ लेवल ऑफिसर, बूथ लेवल सुपरवाइजर तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

