home page

आपत्तियों को लेकर अधिवक्ता ने भेजा कानूनी नोटिस, तीन दिन में माफी और साक्ष्य देने की मांग

 | 

हरिद्वार, 13 अगस्त (हि.स.)। सलेमपुर महदूद क्षेत्र में मतदाता सूची से संबंधित आपत्तियां दर्ज कराने को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में अधिवक्ता फरमान अली की ओर से विकास कुमार को कानूनी नोटिस भेजकर तीन दिन के भीतर सार्वजनिक माफी और साक्ष्य प्रस्तुत करने की मांग की गई है।

नोटिस के अनुसार फरमान अली विधानसभा क्षेत्र 26, बीएचईएल रानीपुर के ग्राम सलेमपुर महदूद स्थित बूथ संख्या 185 के बीएलए-2 हैं।

आरोप है कि विकास कुमार ने प्रारूप-7 के माध्यम से कुल 22 आपत्तियां दर्ज कराईं, जिन्हें नोटिस में झूठे कथनों पर आधारित बताया गया है।

अधिवक्ता का कहना है कि इन आपत्तियों से संबंधित लोगों को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक परेशानी हुई। आपत्तियों के साथ कोई साक्ष्य संलग्न नहीं किया गया, केवल हस्ताक्षर और मोबाइल नंबर दर्ज किए गए। नोटिस में यह भी दावा किया गया कि नियमों के अनुसार एक व्यक्ति अधिकतम पांच लोगों के नाम पर ही आपत्ति दर्ज करा सकता है, जबकि यहां 22 आपत्तियां दर्ज कराई गईं। इसे नियम विरुद्ध बताया गया है।

नोटिस में विकास कुमार को तीन दिन में बीएलओ उषा रानी के समक्ष आपत्तियां वापस लेने या प्रत्येक आपत्ति के समर्थन में साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया है। मांग पूरी न होने पर सक्षम न्यायालय में कानूनी कार्रवाई और हर्जे-खर्चे की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला