home page

उत्तराखंड में तीन अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

 | 
उत्तराखंड में तीन अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची


देहरादून, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत अंतिम मतदाता सूची अब तीन अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग ने अंतिम प्रकाशन की तिथि में संशोधन किया है। पहले इसके लिए 15 सितंबर की तारीख निर्धारित थी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अनमैप्ड एवं विसंगति वाले मामलों से संबंधित 24 लाख 30 हजार नोटिसों में से 99 प्रतिशत से अधिक की सुनवाई पूरी कर ली गई है। इसके अलावा फार्म-6, 7 और 8 से संबंधित करीब 40 प्रतिशत मामलों की सुनवाई भी पूरी हो चुकी है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की प्रक्रिया 28 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद तीन अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्राप्त दावों, आपत्तियों और संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है। मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जा रहा है।

पत्रकार वार्ता में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय