home page

एसआईआर के दूसरे चरण में नोटिसों की सुनवाई शुरू, बूथ स्तर पर मिलेगी सुविधा

 | 
एसआईआर के दूसरे चरण में नोटिसों की सुनवाई शुरू, बूथ स्तर पर मिलेगी सुविधा


देहरादून, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के दूसरे चरण के तहत मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई शुरू हो गई है। प्रथम चरण पूरा होने के बाद प्रदेश के 71,33,785 मतदाताओं के नाम प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत गुरुवार को अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता अपने नाम और अन्य विवरण की जांच मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट, जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) तथा बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं की जानकारी में विसंगति पाई गई है या जिन्होंने एसआईआर मैपिंग संबंधी विवरण नहीं भरा है, उन्हें बीएलओ के माध्यम से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इन नोटिसों की सुनवाई के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर पर व्यवस्था की गई है। मैदानी क्षेत्रों में मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथ अथवा उसके निकट कैंप भी लगाए जाएंगे।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक फार्म-6, 7 और 8 के माध्यम से दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। वहीं 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक नोटिसों की सुनवाई और दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। ईआरओ के निर्णय से असंतुष्ट मतदाता दो सप्ताह के भीतर जिलाधिकारी के समक्ष और उसके बाद आवश्यकता होने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपील कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फार्म-6 के माध्यम से ऑफलाइन बीएलओ या ऑनलाइन ईसीआईनेट ऐप पर आवेदन कर सकते हैं। फार्म-7 से नाम विलोपन और फार्म-8 से विवरण में संशोधन कराया जा सकता है। वर्तमान में फार्म-6 और फार्म-8 के साथ एनेक्सचर-4 भरना अनिवार्य है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय