सिंगल यूज पन्नी न बेचने का लघु व्यापारियों ने लिया संकल्प
हरिद्वार, 31 जुलाई (हि.स.)। नगर निगम प्रशासन द्वारा सिंगल यूज चटाई व पन्नी पर पूर्ण प्रतिबंध की मुहिम को लघु व्यापारियों ने अपना समर्थन दिया है। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में मेला क्षेत्र के रेड़ी-पटरी स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अलकनंदा घाट पर एकत्र होकर सिंगल यूज पन्नी का बहिष्कार करने और न बेचने की शपथ ली।
इस दौरान लघु व्यापारियों ने कहा कि वे सिंगल यूज पन्नी बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में नगर निगम का पूरा सहयोग करेंगे। संजय चोपड़ा ने कहा, सिंगल यूज पन्नी की वजह से मां गंगा के जल पर सीधा असर पड़ रहा है। हम नगर निगम की मुहिम के साथ हैं। शिव भक्त कावड़ियों से भी अपील है कि वे सिंगल यूज पन्नी का उपयोग न करें और तीर्थ की मर्यादा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। शपथ लेने वालों में कामिनी मिश्रा, सीमा, मंजू, पूनम, सुनीता चौहान, आशा देवी, पुष्पा दास, सुमन गुप्ता, वीरेंद्र कुमार, चंदन दास, अशोक गुप्ता, जय सिंह, मनोज कुमार, राजू जैन, ओम प्रकाश सहित बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

