home page

हरिद्वार में पांच हजार किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त,एक लाख का जुर्माना

 | 
हरिद्वार में पांच हजार किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त,एक लाख का जुर्माना


हरिद्वार, 14 जुलाई (हि.स.)। हरिद्वार में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को खड़खड़ी क्षेत्र में एक गोदाम पर छापेमारी कर करीब 5,000 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया।

अधिकारियों के अनुसार यह शहर में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। गोदाम संचालक नानक चंद पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम को शिकायतें मिल रही थीं कि घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में छोटे विक्रेताओं को इसी गोदाम से प्रतिबंधित प्लास्टिक की आपूर्ति की जा रही है। गंगा स्नान और विभिन्न पर्वों के दौरान यही प्लास्टिक प्रदूषण और कचरे का प्रमुख कारण बनती है।

पुख्ता सूचना के आधार पर बैरागी धर्मशाला के सामने स्थित गोदाम पर संयुक्त टीम ने छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद कर उसे मौके पर ही सीज कर दिया गया।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मनोज कुमार तथा उपनिरीक्षक नवीन नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला