home page

महंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुवाई में शुरू हुआ श्री झण्डे जी का आरोहण

 | 
महंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुवाई में शुरू हुआ श्री झण्डे जी का आरोहण


श्री गुरु राम राय की शिक्षाएं और संदेश आज भी प्रासंगिक : मुख्यमंत्री

देहरादून, 08 मार्च (हि. स.)। ऐतिहासिक श्री झण्डा जी मेला के तहत रविवार प्रातः विधि-विधान के साथ श्री झण्डे जी के आरोहण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में सुबह से ही संगतों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।

सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुवाई में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजन-अर्चना और अरदास की गई। इसके पश्चात पवित्र ध्वजदण्ड का स्नान और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। दोपहर 2 बजे से 4 बजे के मध्य श्री झण्डे जी का विधिवत आरोहण किया जाएगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में संगतें उपस्थित हैं। पूरे परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना हुआ है तथा जयकारों से दरबार साहिब गुंजायमान है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में देहरादून के ऐतिहासिक श्री झण्डा जी मेला के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतिवर्ष श्री गुरु राम राय जी महाराज के पावन जन्मोत्सव पर परंपरागत रूप से आयोजित यह ऐतिहासिक एवं पावन मेला मानवता, विश्वास और आस्था से ओत-प्रोत विशिष्ट परंपराओं को संजोए हुए हैं।

उन्होंने कहा कि यह मेला हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक होने के साथ-साथ आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द को भी सुदृढ़ करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु राम राय जी महाराज की शिक्षाएं और उनके संदेश आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय