home page

निजी स्कूलों पर सख्ती, सनवाल पब्लिक स्कूल को नोटिस

 | 

नैनीताल, 10 अप्रैल (हि.स.)। निजी विद्यालयों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सख्ती तेज कर दी है। मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में नैनीताल स्थित सनवाल पब्लिक स्कूल को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।

निरीक्षण अभियान की रिपोर्ट के आधार पर विद्यालय पर अभिभावकों को चयनित दुकानों से पुस्तकें खरीदने के लिए दबाव बनाने और एनसीईआरटी के अलावा अन्य किताबें लेने के आरोप लगे हैं। साथ ही विद्यालय की वेबसाइट पर जरूरी सूचनाएं प्रदर्शित न करने की बात भी सामने आई है।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने बताया कि पहले भी निजी विद्यालयों को नियमों के पालन के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद अनियमितताएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में हल्द्वानी क्षेत्र के 45 अन्य निजी विद्यालयों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि तय समय में संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी