home page

जिनेवा में वैश्विक एआई सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे डॉ. चिन्मय

 | 
जिनेवा में वैश्विक एआई सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे डॉ. चिन्मय


हरिद्वार, 04 जुलाई (हि.स.)। शांतिकुंज स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित होने वाले वैश्विक सम्मेलन में भाग लेने के लिए रवाना हो गए। 6 से 8 जुलाई को आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले वह एकमात्र भारतीय हैं।

यह सम्मेलन जिनेवा सेंटर फॉर सिक्योरिटी पॉलिसी (जीसीएसपी) के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसमें विश्वभर के नीति-निर्माता, वैज्ञानिक, कूटनीतिज्ञ, संसदीय प्रतिनिधि, सुरक्षा विशेषज्ञ तथा मानवीय संगठनों के प्रमुख सहभागी होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता से उत्पन्न हो रहे संभावित वैश्विक खतरों के समाधान के लिए साझा सुरक्षा मानकों तथा प्रभावी अंतरराष्ट्रीय सहयोग की दिशा में ठोस विमर्श को आगे बढ़ाना है।

प्रस्थान से पूर्व डॉ. पण्ड्या ने कहा कि सम्मेलन में अमेरिका, चीन, यूरोपीय संघ व भारत सहित विभिन्न देशों द्वारा एआई सुरक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों एवं साझा मानकों पर विचार किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़े गंभीर वैश्विक जोखिमों पर केंद्रित अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट का विमोचन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला