home page

देह व्यापार में संलिप्त छह गिरफ्तार

 | 
देह व्यापार में संलिप्त छह गिरफ्तार


देहरादून, 02 अक्टूबर (हि.स.)। देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में किराये के कमरे में कथित रूप से चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक नाबालिग युवती को रेस्क्यू करने के साथ 18 हजार रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने का दावा किया है।

शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय देहरादून की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि एक अक्टूबर को मुखबिर से हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पटेलनगर पुलिस ने एक मकान में छापा मारा। मौके पर तीन महिलाओं, एक नाबालिग युवती और तीन पुरुषों के मिलने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस के मुताबिक,पूछताछ में मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा द्वारा मकान किराये पर लेकर दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर कथित रूप से देह व्यापार कराने की जानकारी सामने आई। आरोप है कि वह फोन और व्हाट्सऐप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करता था और उनकी मांग के अनुसार महिलाओं को किराये के कमरे अथवा ग्राहकों के बताए स्थान पर भेजता था। गिरफ्तार अभियुक्त मनीष कुमार लखेड़ा पूर्व में भी अनैतिक देह व्यापार के अभियोग में जेल जा चुका है

पुलिस का कहना है कि नाबालिग युवती को आरोपी अभिषेक दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया था। आरोप है कि युवती द्वारा गलत काम से इनकार करने पर उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया और उस पर दबाव बनाया गया।

पुलिस ने मामले में मनीष कुमार लखेड़ा, अभिषेक, भानू उर्फ सिद्धान्त, ममता, नेहा और सुमन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली पटेलनगर में बीएनएस की संबंधित धाराओं, पॉक्सो अधिनियम और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय