सेवा सेतु अभियान के तहत 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक लगेंगे ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर
देहरादून, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर से सात अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश के सभी जिलों में ब्लॉक और तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
सचिवालय में शनिवार को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में शिविरों की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। उन्होंने कहा कि शिविरों में स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल और प्रदर्शनी के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लोगों का चयन कर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा।
उनियाल ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में मेडिकल कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्री प्रोटेक्शन एक्ट और मानव-वन्यजीव संघर्ष के संबंध में लोगों को जागरूक करने को कहा। जिलाधिकारियों को शिविर की तिथि, स्थल, नोडल अधिकारी, योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों सहित विस्तृत कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों पर शिविर लगाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ा जा सके। शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग्स और बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
राज्य आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष डॉ. विनय रोहिला ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक चलेगा। प्रत्येक तहसील और ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा प्रत्येक शिविर कम से कम तीन दिन संचालित होगा। कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग भी की जाएगी।
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाने के साथ लाभार्थियों के चयन और आवेदन पत्र भरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। योजनाओं के लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भी प्रस्तुत की जाएंगी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर, राजेन्द्र कुमार, अपर सचिव रोहित मीणा, सीसीएफ वन राहुल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी जिलों के जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

