home page

दून के पुरकुल गांव से 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत

 | 
दून के पुरकुल गांव से 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत


-बहुउद्देशीय शिविर में 200 से अधिक लोगों ने लिया योजनाओं का लाभ, 28 शिकायतों पर सुनवाई

देहरादून, 21 सितंबर (हि.स.)। देहरादून जिले में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत सोमवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरकुल गांव स्थित दीपक पुंडीर सामुदायिक केंद्र में आयोजित बहुउद्देशीय जन शिविर से हुई। शिविर में 200 से अधिक लोगों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ लिया, जबकि 150 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर लोगों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट, दो किशोरी किट और दो बेबी किट वितरित की गईं।

मंत्री ने ग्रामीणों की 28 से अधिक समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। सहस्रधारा आपदा प्रभावित क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पुश्तों, सुरक्षा दीवार, आवासीय कटान और सिंचाई संबंधी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। खेरी मान सिंह मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण और पुरकुल गांव में बस सेवा शुरू करने की मांग भी ग्रामीणों ने रखी। बस संचालन के संबंध में आरटीओ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कृषि विभाग के सहयोग से उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहसपुर विकासखंड के क्यारकुली भट्टा गांव स्थित श्रीहरि स्वयं सहायता समूह की सदस्य मीना कोटाल को चार लाख रुपये का चेक दिया गया। उद्यान क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, मत्स्य, स्वास्थ्य और उद्यान समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि जिले में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। ‘सेवा सेतु’ के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा, ब्लॉक और तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। पुरकुल गांव में आयोजित शिविर इसी श्रृंखला की शुरुआत है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय