स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर जोर
हरिद्वार, 30 सितंबर (हि.स.)। राज्य सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को जिला उद्योग केंद्र सभागार में ‘वोकल फॉर लोकल’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने की। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग कर स्थानीय उद्यमियों और उनके उत्पादों को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र उत्तम कुमार तिवारी के स्वागत भाषण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों, शिल्पकारों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों द्वारा तैयार उत्पादों को बढ़ावा देने तथा आमजन को स्थानीय उत्पाद अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
सॉफ्ट टॉय प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र
जिला उद्योग केंद्र की ओर से बहादरपुर जट्ट गांव में आयोजित 25 दिवसीय सॉफ्ट टॉय प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने प्रमाण पत्र वितरित किए। प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार सॉफ्ट टॉय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। सांसद और सीडीओ ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रशिक्षणार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
उद्यमियों ने साझा किए अनुभव
प्रदर्शनी में स्थानीय इकाइयों के उत्पादों के साथ जिला उद्योग केंद्र के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से तैयार उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए। मेदांश इंडस्ट्रीज की डॉ. अनु बाला ने पारंपरिक पद्धतियों से तैयार उत्पादों की जानकारी दी। वैशाली शर्मा ने सामाजिक हित और जनसेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी साझा की। मोक्षा इंडस्ट्री की विदुषी ने ओडीओपी के तहत तैयार शहद उत्पादों के बारे में बताया।
विभूति ने जींस और टी-शर्ट पर डिजाइन एवं प्रिंट तैयार करने से जुड़े अपने स्टार्टअप की जानकारी दी, जबकि हिमेश कपूर ने ऑटोमोबाइल क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों और अपने उद्यम के बारे में बताया। उद्यमियों ने कहा कि सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण और विभागीय मार्गदर्शन से स्वरोजगार को बढ़ावा देने में मदद मिल रही है।
स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान
राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने से उद्यमियों, कारीगरों और शिल्पकारों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ते हैं। उन्होंने आमजन से स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक अपनाने और इनके प्रचार-प्रसार में सहयोग करने का आह्वान किया।
सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ना और उन्हें व्यापक पहचान दिलाना ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान की महत्वपूर्ण दिशा है। उन्होंने उद्यमियों को गुणवत्ता, नवाचार और बेहतर विपणन के माध्यम से उत्पादों को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में विदुषी सैनी, वैशाली शर्मा, अतीत टम्टा, सरिता सिंह, हिमेश कपूर, प्रेम चंद्र सैनी, विभूति, सहायक प्रबंधक दिनेश चंद्र आर्य, अखिलेश सती, सुभाष शर्मा सहित जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

