home page

गंगा का जलस्तर बढ़ने से टापू पर फंसे सात लोगों को एसडीआरएफ ने बचाया

 | 
गंगा का जलस्तर बढ़ने से टापू पर फंसे सात लोगों को एसडीआरएफ ने बचाया


हरिद्वार, 14 नवंबर (हि.स.)। बिशनपुर कुंडी घाट पर गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से टापू पर फंसे सात लोगों को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी लोग नदी के दूसरी ओर टापू पर फंस गए थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया और सभी को सुरक्षित नदी किनारे पहुंचाया।

एसडीआरएफ के अनुसार, शनिवार को जिला आपदा नियंत्रण कक्ष हरिद्वार से एसडीआरएफ चौकी बहादराबाद को सूचना मिली कि बिशनपुर कुंडी क्षेत्र में गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण कुछ लोग नदी के दूसरी ओर टापू पर फंस गए हैं।

सूचना पर अपर उप निरीक्षक प्रविंद्र धस्माना के नेतृत्व में बचाव दल आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। टीम ने तत्परता से बचाव अभियान चलाते हुए टापू पर फंसे सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बचाए गए सभी लोग निकटवर्ती गांव कटापुर अलीपुर और करनपुर के निवासी हैं। एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई से सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला