विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा जारी रहेगी: मंत्री धन सिंह
देहरादून, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार के विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड के विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम निर्बाध रूप से जारी रहेगा। नई टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने तक पूर्व में अनुबंधित संस्थाएं ही कार्यक्रम का संचालन करती रहेंगी। यह जानकारी
शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बुधवार को दी।
मंत्री ने एक बयान जारी कर कहा कि वर्तमान में राज्य के 200 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम संचालित हो रहा है, जिसे बिना किसी व्यवधान के जारी रखा जाएगा। उन्होंने टेंडर प्रक्रिया में हुई देरी पर विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि नई निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक नई निविदा प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक पूर्व में अनुबंधित संस्थाओं के माध्यम से ही शिक्षण कार्य जारी रहेगा, ताकि छात्रों के कौशल विकास और शिक्षा की निरंतरता प्रभावित न हो। साथ ही, अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि नई टेंडर और अनुबंध प्रक्रिया में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने यह भी कहा कि विद्यालय स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए, जिससे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की गुणवत्ता उच्च बनी रहे।
नए सत्र से 544 विद्यालयों में होगा विस्तार
शिक्षा मंत्री ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 से 544 अतिरिक्त विद्यालयों में भी व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है। राज्य सरकार युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। नए विद्यालयों में आठ क्षेत्रों, एग्रीकल्चर, ऑटोमोटिव, ब्यूटी एंड वेलनेस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर, आईटी, प्लंबिंग, रिटेल और टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी-में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

