शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम विद्या निकेतन का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया
ज्योतिर्मठ, 12 सितंबर (हि.स.)। शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम विद्या निकेतन का वार्षिकोत्सव शनिवार को विद्यालय परिसर में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रबंधक एवं बदरीनाथ धाम के पूर्व धर्माधिकारी आचार्य भुवन चंद्र उनियाल ने कहा कि ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी माधवाश्रम जी महाराज ने सीमांत नगर के बच्चों को संस्कारित एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 1999 में विद्यालय की स्थापना की थी। विद्यालय पिछले 26 वर्षों से निरंतर संचालित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास के लिए समय-समय पर प्रयास किए गए हैं, लेकिन जोशीमठ भू-धंसाव आपदा का सबसे अधिक प्रभाव विद्यालय पर पड़ा। अब विद्यालय धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने श्रीमठस्थली के प्रबंधक अच्युतानंद जी महाराज से विद्यालय के विकास के लिए निरंतर कृपादृष्टि बनाए रखने का आग्रह किया।
समारोह को श्रीमठस्थली के प्रबंधक अच्युतानंद जी महाराज और पीटीए अध्यक्ष सीमा शाह ने भी संबोधित किया। प्रधानाचार्य नीलम नवानी ने विद्यालय की वार्षिक आख्या प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका विनीता भट्ट और अध्यापक अनिल पंवार ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष शंभू प्रसाद नंबूरी, बीकेटीसी के प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप भट्ट, संस्थापक शिक्षक महाबीर फर्सवाण, सिंहधार वार्ड की पालिका सभासद राजेश्वरी भंडारी, संस्कृत माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद प्रकाश पंत समेत बड़ी संख्या में अभिभावक और अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

