home page

हरिद्वार में नशे के अवैध कारोबार पर रोक और अर्धकुंभ कार्यों में पारदर्शिता की मांग

 | 
हरिद्वार में नशे के अवैध कारोबार पर रोक और अर्धकुंभ कार्यों में पारदर्शिता की मांग


हरिद्वार, 19 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय सावक मंच के कार्यकर्ताओं ने संयोजक चंद्रमोहन कौशिक के नेतृत्व में सिटी मजिस्ट्रेट हरिगिरी को ज्ञापन सौंपकर तीर्थनगरी में बढ़ते नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और अर्धकुंभ मेले से जुड़े विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि हरिद्वार केवल एक नगर नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र और विश्वविख्यात तीर्थनगरी है। यहां नशे का बढ़ता कारोबार युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

मंच ने ज्ञापन में कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर कारोबारियों पर कठोर कार्रवाई और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जाए। स्कूल-कॉलेजों, छात्रावासों और युवा केंद्रित क्षेत्रों के आसपास बिक्री पर विशेष नजर रखी जाए।

इसके अलावा अर्धकुंभ परियोजनाओं की स्वीकृत लागत, कार्यदायी संस्था, समयसीमा और उद्देश्य सार्वजनिक किए जाने की मांग की गई। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की स्वतंत्र तकनीकी एजेंसी से जांच हो और सार्वजनिक धन का अनावश्यक व्यय रोककर वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित किया जाए।

ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष कीर्तिकांत शर्मा, जिला उपाध्यक्ष शरद अग्रवाल, महामंत्री विशाल यादव और युवा जिलाध्यक्ष शिवम कौशिक सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला