home page

प्रदेशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान' 1 जून से हाेगा शुरू

 | 
प्रदेशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान' 1 जून से हाेगा शुरू


देहरादून, 31 मई (हि.स.)। कृषि भूमि संरक्षण और किसानों के हितों को मजबूत करने के उद्देश्य से कृषि विभाग की ओर से 1 जून से ‘खेत बचाओ अभियान’ शुरू किया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ ढाकी, सहसपुर (देहरादून) से होगा। जिसमें कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी किसानों, कृषि विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों के साथ संवाद कर कृषि भूमि संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन तथा कृषि क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे। इस संबंध में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रविवार काे बताया कि किसानों में जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए 1 जून से 30 जून तक प्रदेशभर में ‘खेत बचाओ अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) निर्माण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड (सॉइल हेल्थ कार्ड) वितरण, कृषि यंत्रीकरण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि भूमि के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘खेत बचाओ अभियान’ केवल कृषि भूमि बचाने का प्रयास नहीं, बल्कि किसानों के सम्मान, ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का भी अभियान है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय