home page

सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना :कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का हल्लाबोल

 | 
सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना :कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का हल्लाबोल


हरिद्वार, 07 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस की कथित दलित विरोधी मानसिकता और हल्द्वानी प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला हरिद्वार ने सोमवार को देवपुरा स्थित गोविंद बल्लभ पंत पार्क में विशाल सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना आयोजित किया। धरने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजा।

धरने की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने की, जबकि संचालन अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री प्रिंस लोहट ने किया।

कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर दलित समाज को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने और हल्द्वानी प्रकरण के जरिए उत्तराखंड को बदनाम करने का आरोप लगाया।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि कांग्रेस का दलित प्रेम केवल कैमरे और राजनीतिक मंचों तक सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हल्द्वानी की घटना को लेकर देवभूमि और भाजपा को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दलित सम्मान को राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि संवैधानिक जिम्मेदारी मानती है।कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी को दलित सम्मान की बात करने से पहले कांग्रेस के इतिहास को देखना चाहिए। उन्होंने बाबू जगजीवन राम और डॉ. भीमराव आंबेडकर का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर दलित महापुरुषों को उचित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने यशपाल आर्य की तस्वीर से जुड़े कथित घटनाक्रम का भी जिक्र किया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास और सबके सम्मान’ के सिद्धांत पर काम करती है। उन्होंने कहा कि दलित सम्मान संविधान से मिला अधिकार है, राजनीतिक हथियार नहीं।

दर्जाधारी राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने कांग्रेस पर दलित समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने बीकानेर और मिर्चपुर की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस को अपने शासनकाल का इतिहास देखने की नसीहत दी।

भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हल्द्वानी प्रकरण में न्याय के बजाय राजनीति तलाश रही है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की कथित अनर्गल बयानबाजी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही दावा किया कि जनता आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जवाब देगी।

धरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक संजय गुप्ता, ओमप्रकाश जमदग्नि, संदीप गोयल, मनोज गर्ग, राजीव शर्मा, विकास तिवारी, तेलुराम चनालिया समेत भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला