home page

सारमंग देहरादून मैराथन के पांचवें संस्करण में 618 धावकों ने लिया हिस्सा

 | 
सारमंग देहरादून मैराथन के पांचवें संस्करण में 618 धावकों ने लिया हिस्सा


- 51 किमी अल्ट्रा मैराथन में आर रंजन और सुषमा जैन ने मारी बाजी

देहरादून, 05 अक्टूबर (हि.स.)। देहरादून में आयोजित सारमंग देहरादून मैराथन के पांचवें संस्करण में देश-विदेश के 618 धावकों ने हिस्सा लिया। यह प्रतियोगिता रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित हुई। आयोजन में पहली बार 51 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन को भी शामिल किया गया।

प्रतियोगिता में 51 किलोमीटर अल्ट्रा, 42.195 किलोमीटर मैराथन, 21.0975 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10, 5 और 2 किलोमीटर दौड़ आयोजित की गईं। 51 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन सुबह चार बजे शुरू हुई। इसके बाद अन्य श्रेणियों की दौड़ कराई गई। जापान, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, जर्मनी, आयरलैंड, इजराइल और ब्रिटेन समेत विभिन्न देशों के धावकों ने इसमें भाग लिया।

51 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन के पुरुष वर्ग में आर रंजन ने 4 घंटे 8 मिनट 58 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। संजीव कुमार दूसरे और नील कंठ महांता तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में सुषमा जैन ने 5 घंटे 54 मिनट 14 सेकंड में पहला स्थान प्राप्त किया। विनीता वर्मा दूसरे और पूनम डोभाल तीसरे स्थान पर रहीं।

42.195 किलोमीटर मैराथन के पुरुष वर्ग में सुरेश कुमार (2:59:56) विजेता रहे, जबकि प्रदीप कुमार दूसरे और हितेश कुनियाल तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में आशा सिंह (5:01:28) पहले, प्रियंका शर्मा दूसरे और पूजा नेगी तीसरे स्थान पर रहीं।

हाफ मैराथन के पुरुष वर्ग में संचित तहिलवाल और महिला वर्ग में अंजलि राणा ने पहला स्थान हासिल किया। 10 किलोमीटर में पुरुष वर्ग में अक्षय कुमार और महिला वर्ग में नीरू रंजन, जबकि 5 किलोमीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में गौरव मिश्रा और महिला वर्ग में नमिता गौर विजेता रहीं। दो किलोमीटर दौड़ का आयोजन मुख्य रूप से सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया।

रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने मुख्य अतिथि के रूप में विभिन्न प्रतिस्पर्धी श्रेणियों के विजेताओं को ट्रॉफियां प्रदान कीं। आयोजन को सुचारु बनाने में चिकित्सा कर्मियों, रूट मार्शलों, स्वयंसेवकों, हाइड्रेशन टीमों और अन्य संचालन दलों ने सहयोग किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल