जनभागीदारी से ही साकार होगा स्वच्छ हल्द्वानी का संकल्प : महापौर
हल्द्वानी, 16 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के तहत मंगलवार को कालाढूंगी चौराहा क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस मौके पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ हल्द्वानी का संकल्प साकार होगा।
इस दौरान नालियों की सफाई, कूड़ा उठान एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित की गई। अभियान में वार्ड 19 के पार्षद राजेंद्र अग्रवाल, वार्ड 18 के पार्षद हरगोविंद सिंह सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान में सहभागिता कर स्वच्छता का संदेश दिया।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि बरसात से पूर्व प्रत्येक वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नालियों में अवरोध न हो और जलभराव की समस्या से आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। जब तक जनभागीदारी नहीं बढ़ेगी, तब तक स्थायी स्वच्छता सुनिश्चित करना संभव नहीं है। उन्होंने नागरिकों से कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालने की अपील की।
महापौर ने कहा कि नगर निगम आधुनिक संसाधनों और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से शहर की सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ कर रहा है। सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि “स्वच्छ हल्द्वानी, सुंदर हल्द्वानी और सुरक्षित हल्द्वानी” का संकल्प जनसहयोग से ही साकार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

