गंगा स्वच्छता संकल्प के साथ निकलेगी दंडवत यात्रा: करौली शंकर
हरिद्वार, 29 अक्टूबर (हि.स.)। श्री मिश्री मठ के परमाध्यक्ष श्री श्री 1008 करौली शंकर महाराज के आह्वान पर 30 अक्टूबर को तीर्थनगरी में भव्य दंडवत यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा में शामिल होने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचना शुरू हो गया है।
महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने बताया कि शुक्रवार 30 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे दक्षेश्वर महादेव मंदिर कनखल में रुद्राभिषेक के बाद दंडवत यात्रा प्रारंभ होगी। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन कनखल से हजारों श्रद्धालु और साधक दंडवत करते हुए हरकी पैड़ी तक जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य आगामी कुंभ-2027 को दिव्य और भव्य बनाना, सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार, धर्म जागरण, राष्ट्र की एकता-अखंडता की अक्षुण्णता और मानव जाति को रोग मुक्त, शोक मुक्त, भय मुक्त, भ्रम मुक्त व नशा मुक्त करने का संकल्प है। साथ ही मां गंगा को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने का संकल्प भी यात्रा का उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि इस दंडवत यात्रा में भारतवर्ष, नेपाल और अन्य राष्ट्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। 31 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे हरकी पैड़ी पर गंगा सेवा अभियान चलाया जाएगा, जिसमें 10 हजार श्रद्धालु भाग लेंगे।
संस्था के प्रबंधक डॉ. उमेश सचान ने बताया कि श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

