home page

कुंभ में संतों और आश्रमों को निशुल्क भूमि-सुविधाएं देने की मांग

 | 
कुंभ में संतों और आश्रमों को निशुल्क भूमि-सुविधाएं देने की मांग


हरिद्वार, 26 नवंबर (हि.स.)। कुंभ मेला 2027 में संत-महात्माओं, मठों, मढ़ियों, मंदिरों और आश्रमों को शिविर लगाने के लिए निशुल्क भूमि और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। षड्दर्शन साधुसमाज, अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति ने इस संबंध में कुंभ मेलाधिकारी से आज मेला भवन में भेंटकर प्रयागराज, नासिक और उज्जैन कुंभ की तर्ज पर सुविधाएं देने का आग्रह किया है।

समिति की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के लिए देशभर से संत-महात्माओं और धार्मिक संस्थाओं ने शिविर लगाने के लिए आवेदन किए हैं। हालांकि, आवेदनकर्ताओं को भूमि आवंटन के लिए शुल्क देने और टेंट, बिजली, पानी, शौचालय सहित अन्य व्यवस्थाएं स्वयं करने की जानकारी दी जा रही है। जबकि प्रयागराज, नासिक और उज्जैन के कुंभ मेलों में साधु-संतों, अखाड़ों, मठों, मंदिरों और आश्रमों को निशुल्क भूमि के साथ टेंट, बिजली, पानी, शौचालय और टिन की बाउंड्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

षडदर्शन साधु समाज अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत गोपाल गिरि व उपाध्यक्ष श्री महंत चेतनानंद गिरि महाराज ने मेला अधिकारी सोनिका को दिए पत्र में कहा कि हरिद्वार में वर्ष 2016 में उज्जैन सिंहस्थ के साथ अर्धकुंभ का आयोजन हुआ था और अब वर्ष 2027 में सरकार हरिद्वार में कुंभ की तर्ज पर अर्ध कुंभ मेले का आयोजन करा रही है। समिति ने ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट को भी कुंभ स्नान की दृष्टि से विकसित करने की मांग की है। कहा कि 14 जनवरी को देवप्रयाग में अमृत स्नान, छह फरवरी को मौनी अमावस्या और 11 फरवरी 2027 को बसंत पंचमी पर ऋषिकेश के त्रिवेणी संगम में स्नान का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

समिति ने त्रिवेणी घाट को सुंदर बनाने के साथ गंगा के भीतर संगम घाट से करीब 20 फीट अंदर 10 फीट ऊंची सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग की है।

कहा कि देशभर से संत-महात्माओं ने अपने मठों, मढ़ियों, मंदिरों और आश्रमों की ओर से शिविर लगाने के लिए आवेदन किए हैं। ऐसे में प्रशासन को सभी धार्मिक संस्थाओं के लिए निशुल्क भूमि और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे संत-महात्मा और श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से कुंभ स्नान कर सकें।

संतों के बात सुनने के बाद मेला अधिकारी सोनिका ने संतों को मांगों पर शीघ्र यथासंभव कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस अवसर पर श्रीमहंत गोपाल गिरि महाराज, श्रीमहंत चेतनांनद गिरि महाराज, महामण्डलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि समेत दो दर्जन के करीब संत मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला