रुद्रप्रयाग में लकड़ी का पुल असुरक्षित, सिरोबगड़-खांकरा मार्ग मलबे से बंद
रुद्रप्रयाग, 27 सितंबर (हि.स.)। जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को बंतोली में लकड़ी का पुल एक ओर तिरछा होकर असुरक्षित हो गया। पुल के क्षतिग्रस्त होकर टूटने की आशंका को देखते हुए संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सिरोबगड़ और खांकरा के पास मलबा आने से राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। प्रशासन ने मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए मौके पर मशीनरी भेजी है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, सुबह 8:10 बजे बंतोली में लकड़ी के पुल के एक ओर झुकने की सूचना मिली। पुल की स्थिति को देखते हुए किसी अप्रिय घटना की आशंका के मद्देनजर संबंधित विभाग को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके बाद सुबह 9:39 बजे सिरोबगड़ और हिलांश होटल, खांकरा के समीप मलबा आने से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने की सूचना मिली। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की मशीनरी मौके पर पहुंच गई है और मलबा हटाने का कार्य जारी है। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में भूस्खलन की घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
रविवार सुबह भी जिले के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। ऊखीमठ में 65 मिलीमीटर और जखोली में 72 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर भी चेतावनी स्तर के करीब बना हुआ है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण सिरोबगड़ क्षेत्र में बार-बार भूस्खलन हो रहा है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए श्रीनगर में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश दिए गए हैं। मार्ग के सुरक्षित और आवागमन योग्य होने की पुष्टि के बाद ही यात्रियों को आगे भेजा जाएगा।
खराब मौसम के पूर्वानुमान के चलते केदारनाथ यात्रा 26 सितंबर दोपहर से 27 सितंबर तक स्थगित रखी गई है। प्रशासन ने लोगों से मौसम और मार्ग की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

