home page

संघ शिक्षा वर्ग में सेवा प्रदर्शनी का शुभारंभ, सेवा और राष्ट्र निर्माण के संस्कारों से परिचित हुए युवा

 | 
संघ शिक्षा वर्ग में सेवा प्रदर्शनी का शुभारंभ, सेवा और राष्ट्र निर्माण के संस्कारों से परिचित हुए युवा


हरिद्वार, 02 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से आयोजित संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) के अंतर्गत मंगलवार को सरस्वती विद्या मन्दिर, सेक्टर-2, रानीपुर में सेवा प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया।प्रदर्शनी में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्राम विकास, पर्यावरण संरक्षण और आपदा राहत से जुड़े सेवा प्रकल्पों को प्रदर्शित किया गया।

सेवा प्रदर्शनी का उद्घाटन क्षेत्र शारीरिक शिक्षण प्रमुख नरेश कुमार विकल ने किया। उन्होंने कहा कि सेवा कार्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का सशक्त माध्यम हैं व संघ का सेवा कार्य समाज में आत्मीयता, समरसता और आत्मविश्वास का वातावरण निर्मित करता है।

28 मई से 13 जून तक चलने वाले इस वर्ग में राज्य के सभी 13 जनपदों से कक्षा 9 से 12 तक के 304 शिक्षार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। शिक्षकों, अधिकारियों, व्यवस्थापकों एवं कार्यकर्ताओं सहित वर्ग में 450 से अधिक स्वयंसेवकों की सहभागिता है।

वर्ग में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, संगठन कौशल तथा सेवा भावना के संस्कारों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रदर्शनी में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित सेवा प्रकल्पों, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्राम विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वावलम्बन, सामाजिक समरसता और आपदा राहत से जुड़े कार्यों को आकर्षक एवं प्रेरणादायी ढंग से प्रदर्शित किया गया। साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में चल रहे विविध कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों तथा सामाजिक जागरण के प्रयासों की भी जानकारी दी गई।

प्रदर्शनी का उद्देश्य शिक्षार्थियों को सेवा कार्यों की व्यापकता, उनके सामाजिक महत्व तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से परिचित कराना है।

इस अवसर पर वर्ग पालक सुनील, वर्ग कार्यवाह रमेश, सर्वाधिकारी प्रवीण, विभाग प्रचारक हरिद्वार राकेश, मुख्य शिक्षक सत्येन्द्र, वर्ग बौद्धिक प्रमुख अब्बल सिंह तोपाल, विभाग सेवा प्रमुख बंसीजी, मनोज सैनी, सह व्यवस्था प्रमुख वीर प्रताप सहित वर्ग के सभी अधिकारी, शिक्षक और शिक्षार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला