home page

स्पेयर पार्ट्स की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

 | 
स्पेयर पार्ट्स की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख


रुड़की, 01 नवंबर (हि.स.)। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी तहसील स्थित काली माता मंदिर के पास एक ऑटो स्पेयर पार्ट्स की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार दुकान में हेलमेट, गाड़ियों की हेडलाइट और अन्य स्पेयर पार्ट्स का अतिरिक्त स्टॉक रखा हुआ था। अचानक दुकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।

दुकान के ऊपर आवासीय मकान बने हुए हैं, जिनमें परिवार रहते हैं। आग और धुएं को देखकर मकानों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई और वे आनन-फानन में घरों से बाहर निकल आए।

सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जल गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला