home page

रोको-टोको अभियान से स्वच्छता की नई पहल, घर-घर पहुंचा नगर निगम

 | 
रोको-टोको अभियान से स्वच्छता की नई पहल, घर-घर पहुंचा नगर निगम


हरिद्वार, 30 अप्रैल (हि.स.)। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार ने रोको-टोको अभियान की शुरुआत की है। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत निगम की टीमें घर-घर जाकर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही हैं।

अभियान के तहत उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी और सैनिटेशन सेल प्रभारी संजय शर्मा आर्यनगर वार्ड में पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय पार्षद सपना शर्मा के साथ मिलकर घर-घर संपर्क किया और लोगों को गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए दो डस्टबिन के उपयोग के लिए प्रेरित किया।

अभियान के दौरान उन नागरिकों को विशेष रूप से जागरूक किया गया, जो घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले पर्यावरण मित्र को समय पर कचरा नहीं देते हैं। ऐसे लोगों को गुलाब का फूल देकर संदेश दिया गया।उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने बताया कि कई बार नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना लगाया जाता है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग नियमों का पालन नहीं करते। इसी को ध्यान में रखते हुए “रोको-टोको अभियान” शुरू किया गया है, ताकि सीधे संवाद के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा सके।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि गीला कचरा हरे डस्टबिन और सूखा कचरा नीले डस्टबिन में रखें। साथ ही डायपर जैसे जैविक कचरे को अलग थैले में डालकर ही पर्यावरण मित्र को दें।

निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में बेहतर प्रदर्शन के लिए नागरिकों से बढ़-चढ़कर फीडबैक देने की अपील की है। यह अभियान शहर के सभी 60 वार्डों में लगातार चलाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला