तमंचे के बल पर बाइक-मोबाइल लूट का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 27 सितंबर (हि.स.)। सिडकुल थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर बाइक, मोबाइल और पर्स लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, आरसी, आधार कार्ड, पर्स और एक हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपित अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को अन्नेकी हेतमपुर, रोशनाबाद निवासी पंकज कुमार ने थाना सिडकुल में तहरीर देकर बताया था कि रानी रो नदी के पास दोपहर के समय चार अज्ञात युवकों ने तमंचे के बल पर उसकी पल्सर बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया। तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में चार अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और वारदात में इस्तेमाल वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने नवोदय स्कूल के सामने लगने वाले पीठ मैदान के पास से दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 23 सितंबर को थाना रायपुर, देहरादून क्षेत्र में एक महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में गिरफ्तारी के डर से वे कार से हरिद्वार आए थे। अगले दिन एक साथी अपने घर चला गया, जबकि दीपक समेत चार युवक पेंटागन मॉल के पीछे नदी के पास पहुंचे। पुलिस के अनुसार, वहां शराब पीने के बाद पैसों की कमी के चलते आरोपितों ने नदी किनारे कार खड़ी की और कच्चे रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार को रोक लिया।
आरोप है कि तमंचे के बल पर बाइक सवार से पल्सर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पर्स लूटकर सभी मौके से फरार हो गए। पूछताछ में आरोपितों ने यह भी बताया कि उनके दो अन्य साथी बाइक और मोबाइल फोन बेचने के लिए गए थे, लेकिन अभी तक वापस नहीं लौटे हैं।
पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य दो आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

