सड़क हादसों पर अंकुश लगाने को होगा थर्ड पार्टी रोड सेफ्टी ऑडिट
हरिद्वार, 29 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए सड़कों का थर्ड पार्टी रोड सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संबंधित विभागों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से प्रभावी और परिणामपरक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, दुर्घटना संभावित स्थलों और यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पहले कारणों की पहचान की जाए और फिर संबंधित विभाग समयबद्ध तरीके से उनका निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में सड़कों का थर्ड पार्टी रोड सेफ्टी ऑडिट कराने पर विशेष जोर दिया गया। स्वतंत्र तकनीकी मूल्यांकन के माध्यम से सड़कों की सुरक्षा संबंधी खामियों को चिह्नित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे। दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए गए।
यातायात नियमों के उल्लंघन और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की निगरानी के लिए कैमरों सहित डिजिटल माध्यमों का अधिक प्रभावी इस्तेमाल करने पर बल दिया गया। वहीं, सड़कों और उनके किनारे यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करने की जरूरत बताई गई।
सीडीओ ने सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाकर हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग, निर्धारित गति सीमा के पालन और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति लोगों को जागरूक करने पर बल दिया गया।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक शैत, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डीपी सिंह, एआरटीओ (प्रशासन) हरिद्वार निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिद्वार नेहा झा, एआरटीओ (प्रशासन) रुड़की जितेंद्र चंद और एआरटीओ (प्रवर्तन) रुड़की कृष्ण चंद्र सहित पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

