home page

पीडब्ल्यूडी के सचिव पंकज पांडेय ने सुबह किया निरीक्षण, सड़कें गड्ढामुक्त करने का दिया लक्ष्य

 | 
पीडब्ल्यूडी के सचिव पंकज पांडेय ने सुबह किया निरीक्षण, सड़कें गड्ढामुक्त करने का दिया लक्ष्य


देहरादून, 17 अक्टूबर (हि.स.)। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान की प्रगति परखने के लिए शनिवार को निरीक्षण पर निकले। उन्होंने आज सुबह देहरादून के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क सुधार कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

सचिव ने प्रदेश की सभी सड़कों को 18 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी गंभीरता से काम करें और सड़क सुधार तथा गड्ढा भरान के कार्यों में तेजी लाएं।

उन्होंने निरीक्षण की शुरुआत कालीदास रोड टर्न से की। इसके बाद उन्होंने कैनाल रोड, नागल, मसूरी डायवर्जन, सहस्रधारा तिराहा, लाडपुर, जोगीवाला, रिस्पना पुल, घंटाघर, चकराता रोड और गढ़ी कैंट सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों की स्थिति और सुधार कार्यों की प्रगति का आकलन किया।

सचिव ने अधिकारियों को सड़क सुधार से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा मिले और सड़क सुरक्षा बेहतर हो सके। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के क्रम में लोक निर्माण विभाग प्रदेशभर में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के अभियान की निगरानी कर रहा है। _______________

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय