home page

बारिश से गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे समेत 15 सड़कें बंद

 | 
बारिश से गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे समेत 15 सड़कें बंद


उत्तरकाशी, 06 अगस्त (हि.स.)।उत्तरकाशी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण गंगोत्री एवं यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कुल 15 सड़कें गुरुवार को बंद हो गईं, जिससे जनजीवन और यात्रा प्रभावित हुई है।

जिला प्रशासन के अनुसार गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डबराणी के पास भूस्खलन से अवरुद्ध हो गया है। वहीं यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सिलाई बैंड, हनुमान चट्टी और बड़कोट टनल के निकट पहाड़ी से मलबा एवं पत्थर गिरने के कारण बंद है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है।

मोरी विकासखंड में जखोल-लिवाड़ी, कोटगांव-कलाप,सांकरी-औसला, मनेरा-तेखला बाईपास, सिलक्यारा-बनगांव समेत 13 ग्रामीण संपर्क मार्ग भी बंद हैं। इससे कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है और स्थानीय लोगों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से कांवड़ यात्रा भी प्रभावित हुई है। विभिन्न राज्यों से गंगोत्री धाम जा रहे डाक कांवड़ियों को उत्तरकाशी में ही रोक दिया गया है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि लगातार बारिश के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले की 15 सड़कें बंद हैं। संबंधित विभागों की टीमें जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्गों को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने में जुटी हैं

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल