उत्तराखंड में 185 सड़कें अब भी बंद, 280 मार्ग खोले गए, 715 मशीनें तैनात
देहरादून, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में लगातार बारिश के बीच शनिवार शाम तक विभिन्न श्रेणियों की 185 सड़कें अभी भी बंद हैं, जबकि दिनभर में 280 सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया गया। सड़कों को शीघ्र सुचारु करने के लिए राज्यभर में 715 मशीनें तैनात की गई हैं।
राज्य आपदा एवं सड़क प्रबंधन की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को 277 नई सड़कें अवरुद्ध हुईं। पहले से बंद 188 सड़कों सहित कुल 465 सड़कें प्रभावित रहीं। इनमें से 280 मार्ग खोल दिए गए, जबकि 185 सड़कें अब भी बंद हैं। बंद सड़कों में एक राष्ट्रीय राजमार्ग, पांच राज्य राजमार्ग, दो मुख्य जिला मार्ग, 43 अन्य जिला मार्ग और 127 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। सबसे अधिक 127 ग्रामीण सड़कें (पीएमजीएसवाई) अभी भी बंद हैं।
जिलेवार स्थिति के अनुसार पौड़ी में सबसे अधिक 47 सड़कें, चमोली में 35, पिथौरागढ़ में 19, देहरादून में 15, टिहरी और उत्तरकाशी में 12-12, नैनीताल में 12 तथा रुद्रप्रयाग में 10 सड़कें बंद हैं। उधमसिंह नगर में कोई सड़क बंद नहीं है।
रिपोर्ट के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), एनएच और पीएमजीएसवाई की टीमें प्रभावित मार्गों को जल्द खोलने के लिए लगातार राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हुई हैं।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

