home page

बस की चपेट में आने से महिला की मौत, बच्चा घायल

 | 
बस की चपेट में आने से महिला की मौत, बच्चा घायल


हरिद्वार, 30 जुलाई (हि.स.)। रुड़की में गुरुवार दोपहर बाद हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार रुड़की रोडवेज डिपो की एक अनुबंधित बस यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। एसडीएम चौक और गोल चक्कर के बीच बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। बाइक पर पिरान कलियर निवासी नसरीन अपने पति और बच्चे के साथ सवार थी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के पिछले पहिये की चपेट में आने से नसरीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर कोतवाली सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला