home page

वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत

 | 
वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत


हरिद्वार, 07 सितंबर (हि.स.)। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बताया गया कि देहरादून में कांग्रेस रैली में शामिल होने जा रहे टेंपो ट्रैवलर की बाइक से टक्कर हो गई।

हादसा फेरुपुर-धनपुरा मार्ग पर रविदास मंदिर के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता टेंपो ट्रैवलर संख्या UK 04PH 1376 से देहरादून जा रहे थे, तभी फेरुपुर की ओर से अपने गांव नसीरपुर कलां लौट रहे बाइक सवार दो युवकों से आमने-सामने टक्कर हो गई।

मृतकों की पहचान अनुज पुत्र लेविन उर्फ पप्पू (25) और आशीष पुत्र ऋषि (20) निवासी नसीरपुर कलां, थाना पथरी के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद मौके से जाने का आरोप-

हादसे के बाद कांग्रेस नेताओं पर मौके से चले जाने का आरोप लगा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि रैली में जा रहे कुछ नेता घायलों को मौके पर छोड़कर दूसरे वाहनों से निकल गए, जो संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा करता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों को सूचना देने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मोर्चरी भेजा गया है। दोनों वाहनों को चौकी पर दाखिल कर लिया गया है।

सूचना मिलने पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि दो परिवारों ने जवान बेटे खोए हैं, यह बेहद पीड़ादायक है। राजनीति अपनी जगह है, लेकिन मुश्किल घड़ी में मानवता नहीं भूलनी चाहिए।

हादसे की खबर से नसीरपुर कलां गांव में मातम पसरा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला