home page

यमुना नदी में गिरा राशन से भरा ट्रक, हेल्पर लापता

 | 
यमुना नदी में गिरा राशन से भरा ट्रक, हेल्पर लापता


नई टिहरी, 17 अप्रैल (हि. स.)। जिले के नैनबाग, थाना कैम्ल में देर रात्रि गल्ला राशन से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर यमुना नदी में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ टीम ने खोज एवं बचाव कार्य शुरु किया।

पुलिस टीम ने घायल चालक को उपचार के लिए नैनबाग अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि रेस्क्यू टीम लापता हेल्पर की खोज में यमुना नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात्रि करीब एक बजे विकासनगर के जखोल से त्यूणी राशन ले जा रहा एक ट्रक यमुना पुल व मसूरी बैंड के बीच अनियंत्रित होकर खाई में गिरते हुए यमुना में जा समाया। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया, जबकि हेल्पर लापता है।

कैम्पटी थाना प्रभारी रामनरेश शर्मा ने बताया कि, घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू कर घायल चालक उदय सिंह पुत्र गगन सिंह निवासी त्यूणी, उत्तरकाशी को नैनबाग अस्पताल में भर्ती कराया। बताया कि, हादसे में लापता हेल्पर संदीप अधिकारी निवासी नौगांव उत्तरकाशी की खोजबीन की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय