home page

मसूरी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, पांच युवक घायल

 | 
मसूरी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, पांच युवक घायल


मसूरी, 16 सितंबर (हि.स.)। मसूरी-देहरादून मार्ग पर बुधवार शाम गज्जी बैंड के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर निकल गई और करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार पांच युवक घायल हो गए। पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को खाई से बाहर निकालकर उप जिला चिकित्सालय मसूरी पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से हादसे की सूचना मिली थी। सूचना पर कोतवाली मसूरी पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वाहन गहरी खाई में गिरा होने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। टीम ने रस्सियों और अन्य संसाधनों की मदद से वाहन में फंसे पांचों युवकों को बाहर निकाला।

घायलों की पहचान उज्जवल त्यागी (19), चिराग त्यागी, अभिषेक त्यागी, यश त्यागी (20) और हनी त्यागी (20) के रूप में हुई है। सभी रुहाना, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक युवक मसूरी घूमने के बाद देहरादून की ओर लौट रहे थे।

उप जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक डॉ. मयंक जवाठा के अनुसार एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे बेहतर उपचार के लिए देहरादून रेफर किया गया। पुलिस ने घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

प्रारंभिक जानकारी में वाहन की तेज गति को हादसे का संभावित कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय