गंगोत्री से लौट रहा तीर्थयात्रियों का वाहन पलटा, 17 यात्री सुरक्षित
- गंगोत्री धाम के दर्शन करने के बाद उत्तरकाशी की ओर आ रहा था वाहन
उत्तरकाशी, 23 अगस्त (हि.स.)। गंगोत्री धाम के दर्शन करने के बाद रविवार को उत्तरकाशी की ओर आ रहा राजस्थान के तीर्थ यात्रियों का वाहन सोनगाड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। वाहन में 17 यात्री सवार थे, जिनको हल्की चोटें आई है। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य को भेज दिया है।
जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार चारधाम यात्रा पर आये राजस्थान के 17 तीर्थ यात्री टैंपो ट्रेवल्स पर सवार होकर रविवार को गंगोत्री धाम के दर्शन कर वापस उत्तरकाशी की ओर लौट रहे थे। यात्रियों का वाहन सोनगाड़ के पास पहुंचा ही था कि वाहन के अचानक ब्रेक फेल हो गए और अनियन्त्रित होकर सड़क से बाहर जा पलटा। गनीमत रही वाहन खाई में नही गिरा, नही तो बड़ा हादसा होता। इस दुर्घटना में वाहन में सवार किसी भी यात्री को कोई गंभीर चोटें नहीं आई।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी यात्रियों को वाहन से सुरक्षित वाहर निकाला और उपचार के लिए 108 के माध्यम से गंगनानी प्रथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। वाहन में सभी यात्री सुरक्षित है ओर सभी को उनके अगले पड़ाव के लिए भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

