देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कार खाई में गिरी, एक ही परिवार के 6 लोग घायल
पौड़ी गढ़वाल, 26 अप्रैल (हि.स.)।देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर कुंडाधार के समीप रविवार को एक एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कफलना (पौड़ी) निवासी परिवार चंद्रबदनी मंदिर में दर्शन कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब तीन बजे कुंडाधार से लगभग एक किलोमीटर पहले वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और खाई में जा गिरा।
हादसे में लक्ष्मण सिंह रावत को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य पांच घायलों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में जगदीश सिंह रावत, साक्षी, मनोरमा देवी, हेमंत रावत और देवेश शामिल हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी भेजा गया।
थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

