home page

डंपर और कार की टक्कर में भाई-बहन मौत, दो घायल

 | 
डंपर और कार की टक्कर में भाई-बहन मौत, दो घायल


नई टिहरी, 31 अगस्त (हि.स.)। टिहरी जिले के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मालागूंठी के पास सोमवार सुबह डंपर और कार की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से चारों सवार वाहन में फंस गए थे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने गैस कटर समेत रेस्क्यू उपकरणों की मदद से उन्हें बाहर निकाला।

मुनिकीरेती थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सवा सात बजे कार संख्या यूके-12-एफ-5035 ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे डंपर संख्या यूके-08सीए-4949 से मालागूंठी के पास उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही ब्यासी चौकी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची।

मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने अभियान चलाकर कार में फंसे एक पुरुष और तीन महिलाओं को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से एम्स ऋषिकेश भेजा गया।

थानाध्यक्ष के अनुसार उपचार के दौरान ऋषभ (22) और उनकी बहन रक्षा सेमवाल (24), दोनों निवासी डांग, श्रीनगर की मौत हो गई। सुहानी (20), निवासी कीर्तिनगर और ईशानी (20), निवासी श्रीनगर का एम्स में गंभीर हालत में उपचार चल रहा है।

बताया गया है कि मृतक भाई-बहन के पिता सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी हैं। रक्षा सेमवाल कीर्तिनगर स्थित अस्पताल में लैब टेक्निशियन के पद पर कार्यरत थीं, जबकि ऋषभ सिंचाई विभाग में अवर अभियंता (जेई) के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार अभी मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी