home page

ऋषभ ने आईएएस की परीक्षा की उत्तीर्ण

 | 
ऋषभ ने आईएएस की परीक्षा की उत्तीर्ण


उत्तरकाशी, 06 मार्च (हि.स.)। विकासखंड पुरोला के ग्राम सुनाली में एक होनहार ऋषभ नौटियाल ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित होकर जिलेे का नाम रोशन किया है। बेटे की इस कामयाबी से परिजनों सहित उनके गांव और रवांई क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

ऋषभ नौटियाल के पिता त्र्यंबक प्रसाद नौटियाल व माता ललिता नौटियाल हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई द दून स्कूल, देहरादून से पूरी की। इसके बाद उन्होंने नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, जोधपुर से एलएलबी की पढ़ाई की।

ऋषभ की सफलता उनके संघर्ष और निरंतर प्रयास की कहानी है। इससे पहले वे तीन बार संघ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा तक पहुंचे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाया। लगातार मेहनत और धैर्य बनाए रखते हुए उन्होंने हार नहीं मानी और अंततः चौथे प्रयास में सफलता प्राप्त कर ली।

ऋषभ की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा मिली है। यह सफलता दर्शाती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर मेहनत की जाए तो पहाड़ के दूरस्थ गांवों से भी युवा देश की सर्वोच्च सेवाओं तक पहुंच सकते हैं।

इस अवसर पर क्षेत्र के रवांई घाटी के प्रसिद्ध कथा वाचक एवं ऋषभ के ताऊ जी शिव प्रसाद नौटियाल, चन्द्र भूषण बिजल्वाण, भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण, पूर्व विधायक माल चंद, अंकित पंवार, राजेन्द्र गैरोला, राजपाल पंवार क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने ऋषभ नौटियाल तथा उनके माता-पिता को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल