पौड़ी में तेज हुई पांचवीं अनुसूची और ट्राइब स्टेटस की मांग
पौड़ी गढ़वाल, 23 अगस्त (हि.स.)।उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में 5वीं अनुसूची लागू करने और गढ़वाली-कुमाऊँनी समुदाय को ट्राइब स्टेटस देने की मांग को लेकर उत्तराखंड एकता मंच ने रविवार को पौड़ी में बैठक आयोजित की। बैठक में जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय लोगों के अधिकारों के साथ ही भूमि हस्तांतरण और पहाड़ों में बढ़ते बाहरी दबाव जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंच के सह-संयोजक प्रवेश जोशी ने कहा कि देश के अन्य हिमालयी राज्यों के मूल निवासियों को ट्राइब स्टेटस का लाभ मिल रहा है, जबकि उत्तराखंड के पर्वतीय समुदाय को इससे वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि ट्राइब स्टेटस मिलने से पहाड़ के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सरकारी सेवाओं में आरक्षण समेत विभिन्न संवैधानिक अधिकारों का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि 5वीं अनुसूची लागू होने से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में स्थानीय समुदाय की भूमिका मजबूत होगी। वहीं, अनिल उप्रेती ने कहा कि पेसा एक्ट लागू होने से ग्राम सभाओं को अधिक अधिकार मिलेंगे और स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं में ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ेगी। उन्होंने जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय समाज के अधिकारों को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मंच के प्रतिनिधियों ने कहा कि पौड़ी सहित पूरे पर्वतीय क्षेत्र में तेजी से हो रहे भूमि हस्तांतरण और बाहरी दबाव को देखते हुए प्रभावी संवैधानिक संरक्षण जरूरी है। उन्होंने 5वीं अनुसूची को इस दिशा में महत्वपूर्ण विकल्प बताया।
कुलदीप सिंह गुसाईं ने कहा कि आगामी चुनाव में पर्वतीय समुदाय उसी राजनीतिक दल या प्रत्याशी का समर्थन करेगा, जो अपने चुनावी घोषणा-पत्र में उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में 5वीं अनुसूची लागू करने तथा गढ़वाली-कुमाऊँनी समुदाय को ट्राइब स्टेटस देने की मांग को स्पष्ट रूप से शामिल करेगा।
बैठक में उत्तराखंड एकता मंच ने घोषणा की कि 5वीं अनुसूची और ट्राइब स्टेटस की मांग को व्यापक जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा। साथ ही इस मुद्दे को पहाड़ के हर घर तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में विमल चंद्र नेगी, गणेश खुकशाल गणी, त्रिभुवन उनियाल, केशर सिंह असवाल, नमन चंदोला, भास्कर बहुगुणा, अजय रावत, जसपाल रावत, सुरेश बडथ्वाल, विनोद दनोसी, कुसुम चमोली, नीलम रावत, मिनाक्षी रावत, पार्वती देवी, प्रवीण असवाल, संजय घिल्डियाल, अरविंद रावत, अंकित भंडारी, संतोष खंडूरी, मातंग मलासी, अनिल डेविड, सौरव रावत, आशीष रावत, देवेंद्र सिंह, विकास चौहान और योगेंद्र कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बैठक का संचालन डॉ. विंतेश्वर प्रसाद बलोदी ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

