home page

विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक

 | 
विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक


नैनीताल, 14 मई (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) की तैयारियों एवं पुनरीक्षण पूर्व गतिविधियों की समीक्षा हेतु जनपद स्तर पर बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में आयोजित वर्चुअल बैठक में जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में वर्ष 2003 की मतदाता सूची से वर्ष 2025 की मतदाता सूची के मतदाताओं की मैपिंग की प्रगति की समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता की वर्तमान निर्वाचक नामावली से सही एवं शुद्ध मैपिंग सुनिश्चित की जाए तथा अनमैप्ड मतदाताओं की सूची का गंभीरता से परीक्षण किया जाए।

बैठक में एआरओ नेट सॉफ्टवेयर के माध्यम से प्राप्त विसंगतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त किए जाएं। साथ ही मतदाताओं के मध्य व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने के लिए प्रेरित किया जाए।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ई-रोल अपडेट से संबंधित कोई भी प्रपत्र “एक्सेप्टेड” अवस्था में लंबित न रहे तथा प्रपत्र-6, 7 एवं 8 क्रमशः 15, 30 एवं 45 दिनों से अधिक लंबित न रखे जाएं। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी ईआरओ एवं एईआरओ के पास ईसीनेट में अकाउंट होना चाहिए तथा वे सफलतापूर्वक लॉग-इन कर सकें। साथ ही ईसीनेट ऐप सभी बीएलओ एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों के मोबाइल फोन में डाउनलोड होना अनिवार्य है।

बैठक में नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पांडे सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अन्य अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी